मार्च 2010 में बच्चे के साथ मारपीट के मामले में भगौड़े को पीओ सैल ने शिमला जिला के रामपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को वीरवार बिलासपुर पहुंचाने के बाद आगामी कार्रवाई के लिए सदर पुलिा के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक 26 मार्च, 2010 को बिनौला निवासी कृष्णदास ने सदर थाना में अपने बेटे अभिषेक के साथ मारपीट का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस को दी गई शिकायत में कृष्ण दास ने बताया था कि 25 मार्च को उनका बेटा दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। क्रिकेट खेलने के बाद जब वह दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने के लिए जा रहा था, तो अभिषेक चलते-चलते बल्ले से पत्थरों को मार रहा था।
इस पर आरोपी गीताराम पुत्र गुलाबा राम निवासी बिनौला ने अभिषेक को गालियां देना शुरू कर दिया। यही नहीं उसने लकड़ी के डंडे से अभिषेक से मारपीट भी की। इसके बाद उसने उसके कान पर जोरदार थपड़ मार दिया।
इससे अभिषेक के कान से खून बहने लगा। अभिषेक ने घटना की सूचना पिता को दी। इसके बाद उन्होंने अभिषेक का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया। इसमें अभिषेक की चोट को गंभीर बताया गया।
इसके बाद अभिषेक के पिता कृष्णदास ने सदर थाना में गीताराम के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने केस की छानबीन के बाद कोर्ट में चालान पेश किया। कोर्ट की ओर से गीताराम को सुनवाई में आने के लिए लगातार समन भेजे गए। मगर वह पेशी में नहीं आ रहा था। इसके बाद कोर्ट ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया।
इसके बाद से ही पीओ सेल उसकी लगातार तलाश कर रहा था। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह रामपुर में है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पीओ सेल के मुख्य आरक्षी दौलत राम, महेंद्र सिंह और रवि कुमार ने गीताराम को रामपुर में धर दबोचा।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी राहुलनाथ ने बताया कि पुलिस ने भगौड़े को पकड़ने में सफलता हासिल की है। उसे आगामी कार्रवाई के लिए सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।