जिला में भी युवाओं को आईटीबीपी में भर्ती करने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर ठगने की कोशिश की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि नियुक्ति पत्र ऐसे युवाओं को भेजे जा रहे हैं जो भर्ती में फेल हो चुके हैं। पत्र के माध्यम से युवाओं से उन्हें 25 हजार रुपये की राशि खाते में जमा करवाने को भी कहा गया है। नियुक्ति पत्र 6 पन्नों का है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि युवाओं को ठगने का यह गोरखधंधा कहां से कौन चल रहा है।
फर्जी नियुक्ति पत्र के पहले पन्ने पर आईटीबीपी का लोगो और मोबाइल नंबर अंकित किया गया है जबकि दूसरे पन्ने पर नियुक्ति पत्र का ब्यौरा दिया गया है जबकि अन्य पन्नों पर दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।
पत्र भेजने के लिए ठग गिरोह ने आईटीबीपी की गुप्त सूचनाओं में भी सेंध लगाई है। आईटीबीपी की भर्ती में पात्रता पूरी नहीं करने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र भेज कर ठगने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं को पत्र के माध्यम से 25 हजार रुपये की राशि खाते में जमा करवाने को कहा गया है।
जानकारी के मुताबिक गिरोह ने आईटीबीपी की ओर से जनवरी वर्ष 2015 में आयोजित ट्रेड मेन की भर्ती की गुप्त सूचना में सेंध लगाकर नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। इसमें खास बात यह है कि ठग गिरोह ने भर्ती से बाहर हो चुके युवाओं को पत्र जारी कर ठगने का प्रयास किया है। जांच का विषय है कि ठगों को ऐसे युवाओं की जानकारी कैसे और कहां से मिली?
तीन दिन पहले डाक से मिला फर्जी नियुक्ति पत्र : मामला जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत कपाहड़ा के गांव कपाहड़ा का है। गांव के युवक प्रदीप कुमार को ठग गिरोह ने फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर ठगने का प्रयास किया है। प्रदीप कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले उन्हें नियुक्ति फर्जी नियुक्ति पत्र डाक के माध्यम से प्राप्त हुआ।
इसमें बिना लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और इंटरव्यू के भर्ती करने की बात कही गई थी। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी लेने के लिए पत्र पर दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया तो एक व्यक्ति ने बैंक खाता नंबर देकर 48 घंटे में 25 हजार पैसा जमा करवाने की बात कही। व्यक्ति ने कहा कि अगर समय पर पैसा जमा नहीं हुआ तो आपके स्थान पर किसी और की नियुक्ति कर दी जाएगी।
पत्र में आईटीबीपी उधमपुर जम्मू आईटीबीपी मेन पॉवर एवं भर्ती निदेशालय का पता दिया गया है। लेकिन ये पता अधूरा है। जब उन्होंने वहां से इस पत्र का पता किया तो उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई पत्र जारी नहीं किया गया है।
एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि फर्जी नियुक्ति पत्र के झांसे में आकर कोई भी युवा पैसा जमा नहीं करवाएं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अगर कोई शिकायत आती है तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।