ग्राम पंचायत सनीहरा के गांव भेड़ी में रविवार देर शाम गौशाला जलकर राख हो गई। आग लगने से लाखों का नुकसान होना बताया रहा है। प्रशासन ने पीड़ित को नुकसान पांच हजार रुपये बतौर फौरी राहत प्रदान किए है। जबकि हलका पटवारी नुकसान का आकलन तैयार करने में जुट गया है।
भेड़ी निवासी नंद लाल पुत्र कैला राम ने बताया कि रविवार शाम वह मवेशियों को आंगन में बांध कर खेतों में काम करने के लिए चला गया। रविवार देर शाम उसे अपने मवेशीखाने से धुआं निकलता दिखाई दिया।
इस पर वह अपने परिजनों के साथ जब मौके पर पहुंचा तो गौशाला में आग लगी थी। इसके बाद वहां पर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। आग इतनी भयंकर थी की उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
देखते ही देखते आग में पूरी गौशाला जलकर राख हो गई। नंद लाल ने बताया कि आग में घास, तूड़ी, लकड़ी और कृषि औजार जल गए हैं। इसमें एक लाख रुपये का नुकसान हो गया है।
पंचायत प्रधान कमल देव चौहान, उपप्रधान रामपाल और पंचायत समिति सदस्य अमरो देवी ने घटनास्थल पर जाकर मौका देखा और जन प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार अति गरीब की श्रेणी में आता है।
उपतहसील कलोल के नायब तहसीलदार प्रेम सिंह धीमान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भेड़ी गांव में गौशाला जलने से नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये फौरी आर्थिक मदद दी गई है। हल्का पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट बनाने के आदेश दे दिए हैं।