बिलासपुर जिला में बुधवार रात और वीरवार को हुए सड़क हादसें में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। दो अलग-अलग स्थानों पर यह हादसे हुए।
जानकारी के अनुसार पहला हादसा रोहिण गांव के समीप बुधवार रात को हुआ। यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार में सुनील दत्त निवासी रोहिण और नवजीत सिंह सवार थे।
लगभग सौ फुट नीचे गिरने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सुनील कुमार की मौत हो गई जबकि नवजीत घायल हो गया।
नवजीत की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसा उस समय पेश आया जब दोनों कार में सवार होकर घर की ओर जा रहे थे।
हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इस संदर्भ में मुकद्दमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे मामले में चंडीढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर में जामली के समीप वीरवार सुबह एक कार खाई में गिर गई। इसमें तीन सवार घायल हो गए।
घायलों में कुलविंद्र, वीरेंद्र और सुखबीर को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया गया है।