चोरी के एक मामले में वांछित को जिला पुलिस के पीओ सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, पुलिस ने उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार वर्ष 2003 को प्रशांत वासुदेव निवासी घुमारवीं ने सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह डियारा स्थित ससुराल में था। रात करीब 6:30 बजे उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति टीवी उठाकर बाहर ले जा रहा है।
घर पर कोई भी व्यक्ति नहीं था। उसने उस व्यक्ति से पूछा कि वह कौन है तो वह घबराया और भागने की कोशिश की। लेकिन, वासुदेव ने उसे दबोच लिया।
उसकी पहचान मोहम्मद शरीफ भट्ट निवासी बसौली जिला कठुआ जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई। उसके खिलाफ 22 मार्च 2003 को भादंसं की धारा 454 और 380 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वह सीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए हाजिर नहीं हो रहा था। 12 जून 2013 को अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दिया था। काफी दिनों से वह पुलिस को चकमा देर रहा था।
पीओ सेल के प्रभारी एएसआई सतपाल सिंह, महेंद्र सिंह और रवि कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर शिमला, सुंदर नगर, मंडी, बिलासपुर, डियोग आदि स्थानों पर उसकी तलाश की।
लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार को उपरोक्त व्यक्ति हमीरपुर के गांधी चौक में देखा गया। पुलिस ने तुरंत हमीरपुर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके खिलाफ सदर थाना में भादंसं की धारा 174-ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस अभियान के तहत उद्घोषित अपराधी को पकड़ा गया है।