अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई (बिलासपुर)। विदेश जाने से पहले बाबा बालक नाथ मंदिर से माथा टेकर वापस जा रहे बाइक सवार दो युवकों की शाहतलाई-बड़सर सड़क पर टैंपो से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हुई हैं। मंगलवार को दोपहर 3 बजे के करीब हुए हादसे में दो युवक टैंपों की चपेट में आ गए जिसमें दोनों युवकों को चोटें आने पर स्थानीय लोगों की ओर से 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। इसके माध्यम से युवकों को बड़सर स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया और वहां पर उनको उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर टैंपो नंबर एचपी 21 ए 9407 बड़सर की तरफ से आ रहा था वहीं विपरीत दिशा से आ रही बाइक नंबर पीबी-09-आर-4761 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक चालक मनजीत सिंह उम्र 23 वर्ष पुत्र तरण सिंह निवासी फगवाड़ा पंजाब की टांग फैक्चर हो गई। वहीं, दूसरा युवक हरदीप सिंह सुपुत्र बलकार सिंह फगवाड़ा पंजाब को भी गहरी चोटें आई हैं। घायल युवक हरदीप सिंह ने बताया कि वह दो दिन बाद विदेश जा रहा था जिसके चलते उन्होंने अपने दोस्त के साथ बाबा के मंदिर माथा टेेकने का विचार बनाया। उन्हें क्या पता था कि बीच रास्तें में उनके साथ हादसा हो जाएगा। युवक ने बताया कि वह विदेश में नौकरी करने के लिए जा रहा था लेकिन उनके पांव में फैक्चर आने से अब उनका विदेश जाना असंभव लग रहा है।
उधर, बिलासपुर एसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, छानबीन जारी है।