केमरी/बिलासपुर। चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में उत्तराखंड पुलिस ने शुक्रवार को केमरी के सराफ बाजार में छापामार कार्रवाई के दौरान दो सराफ व्यवसायियों को हिरासत में ले लिया, जिससे सराफ बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस दोनों को उत्तराखंड ले गई है।
उत्तराखंड प्रदेश के जिला ऊधमसिंहनगर के थाना जसपुर की पुलिस टीम दरोगा सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में शुक्रवार को केमरी थाने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, जसपुर पुलिस ने केमरी थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल को बताया कि उनके थाना क्षेत्र में एक चोरी की घटना हुई है, जिसमें लाखों रुपये के जेवर चोरी हुए हैं। उन्होंने चोरी के शक में रामपुर जिले के थाना शहजादनगर क्षेत्र के चमरौआ क्षेत्र निवासी कुछ बदमाशों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया तो उन्होंने पूछताछ के दौरान बताया है कि उन्होंने चोरी किए गए जेवर में से कुछ जेवर केमरी के दो दुकानदारों को बेचा है। केमरी पुलिस के साथ जसपुर पुलिस ने सराफा बाजार में छापामार कार्रवाई करके माल खरीदने के दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। चर्चा है कि पुलिस ने उनके कब्जे से कुछ जेवर भी बरामद कर लिए। इस दौरान सराफा बाजार में पुलिस की छापेमार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इससे पहले कि सराफा कारोबारी एकत्र होते कि पुलिस दोनों को अपने साथ उत्तराखंड ले गई।