स्वारघाट (बिलासपुर) स्वारघाट के समीप नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ व कुछ कर्मचारी बाल-बाल बच गए। डढवाल नामक स्थान पर एक ट्राला उनकी कार को कई फीट तक घसीटते हुए ले गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को खरोंच तक नहीं आई। लेकिन, कार को काफी नुकसान हुआ है। आपसी समझौता होने से पुलिस के पास मामला नहीं पहुंचा।
सोमवार दोपहर को लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के एसडीओ दीपक सुरेहली विभागीय कार एचपी 24ए-4962 में अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ सवार होकर कैंची मोड़ से स्वारघाट की तरफ साइट विजिट करके वापस लौट रहे थे। डढवाल पहुंचने पर तीखे मोड़ पर ओवरटेक कर रहे एक ट्राले ने पीछे से उनकी कार को टक्कर मार दी। हालांकि ट्राला चालक ने ब्रेक भी मारी, लेकिन रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर मारने के बाद भी कार को कई फीट तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग की सरकारी कार का काफी नुकसान हुआ है।
सरकारी कार में एसडीओ लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट दीपक सुरेहली, जेई अमरनाथ, सर्वेयर श्याम लाल, कार चालक रमेश चंद बैठे हुए थे। लेकिन सभी लोग सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
हालांकि बाद में ट्राला चालक ने अपनी गलती मानते हुए लोक निर्माण विभाग की सरकारी कार का मरम्मत कार्य खुद करवाने की जिम्मेवारी लेते हुए लिखित समझौता कर लिया। इस कारण पुलिस थाना स्वारघाट में इस संबंध में कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।