स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट की समीपवर्ती ग्राम पंचायत कौड़ावाला के गांव किकरवाली निवासी रोशनलाल ने पुलिस थाना कोट में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि शुक्रवार के दिन जब वह अपने घर में मौजूद था तो घर के आंगन का गेट खोलने पर तीन लोगों ने उस पर हमला करने के इरादे से धावा बोला दिया।
बताया जा रहा है तीन लोगों में से एक व्यक्ति ने रोशन लाल के ऊपर कांच की बोतल फेंकी। हालांकि रोशनलाल ने अपना बचाव करते हुए एकदम से किनारे हट गए तथा बोतल दीवार पर टकराकर आंगन के बीच जा गिरी। भारी शोर शराबा सुनकर रोशन लाल के भाई ने तुरंत आंगन में आकर उसका बचाव किया है। उक्त शोर शराबे के बाद उक्त तीनों लोगों ने रोशन लाल व उसके भाई को गाली गलौच व देख लेने की धमकी देते वहां से फरार हो गए हैं।
उपरोक्त सारे घटनाक्रम की सूचना रोशन लाल पुत्र मिलखी राम निवासी किकरवाली ने पुलिस थाना कोट में जाकर लिखित तौर पर तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
उपमंडल पुलिस अधिकारी श्रीनयना देवी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त संदर्भ में कोट थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत तीन स्थानीय लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।