बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर नौणी में एचआरटीसी बस में सवार युवक से पुलिस ने चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। युवक के पास से पुलिस ने 39.35 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम ने नौणी के पास नाका लगाया हुआ था। रात को चंडीगढ़ से झंडूता आ रही एचआरटीसी बिलासपुर डिपो की बस को तलाशी के लिए रोका। टीम जब बस की तलाशी लेने के लिए बस में चढ़ी तो बस में सीट नंबर 36 पर बैठा युवक घबरा गया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से चिट्टा बरामद हुआ। टीम ने जब चिट्टे का वजन किया तो वह 39.35 ग्राम निकला। टीम ने आरोपी को उसी समय गिरफ्तार कर लिया। जिसे सदर थाना के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान असराइल (29) पुत्र लालदीन गांव व डाकघर जिया, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। टीम ने लगातार चौथी बार सरकारी बस में आरोपी से चिट्टा पकड़ा है। एसआईयू टीम के मुख्य आरक्षी अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में सुरेंद्र कुमार, आरक्षी राजेश ठाकुर, मनीष ठाकुर टीम के साथ मौजूद थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि टीम ने एचआरटीसी बस में सवार कुल्लू के एक युवक से चिट्टा बरामद किया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।