चित्रकूट में ट्रक की टक्कर से टूटा तार, चालक को धुना
चित्रकूट। शहर के पुरानी सब्जी मंडी के पास बुधवार की सुबह ट्रक बैक करते समय अचानक विद्युत पोल से टकराया जिससे दो तारें टूट गईं। जिसे कुछ दुकानों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। नाराज स्थानीय लोगों ने चालक परिचालक को नीचे उतारकर जमकर पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम पहुंची और दोनों को बचाकर कोतवाली ले आई। इसके बाद ट्रक मालिकों ने पिटाई करने वालों के यहां पहुंचकर खूब भला बुरा कहा। मामला कोतवाली पहुंचा कई घंटे तक समझौते का प्रयास हुआ लेकिन कोई बात नहीं बनी। मामले में दोनों पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार की सुबह शहर के कसहाई रोड़ बल्दाऊगंज निवासी ट्रक मालिक का ट्रक लेकर चालक रघुवर पटेल व परिचालक लाला मिस्त्री के पास कुछ बनवाने गए थे। पुरानी सब्जी मंडी के पास ट्रक बैक करते समय ट्रक एक विद्युत पोल से टकरा गया। हालांकि पोल नहंी गिरा पर दो तारें टूटकर जमीन पर गिरीं। जिससे किसी को करंट नहीं लगा लेकिन दो दुकानों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। यह नजारा देख स्थानीय लोगों ने चालक परिचालक की पिटाई शुरू कर दी। ट्रक बीच सड़क पर खड़ा था और मारपीट होने से जाम लग गया। लगभग आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई।
उधर चालक परिचालक की पिटाई की जानकारी पर ट्रक मालिक व अन्य ट्रक मालिक घटना स्थल पहुंचे और पिटाई करने वालों को जमकर भला बुरा कहा। इसके बाद कोतवाली में दोनों पक्ष पहुंचे। काफी देर तक समझौते का प्रयास किया गया लेकिन कोई हल नहीं निकला। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की ओर से चार लोगों व स्थानीय गिरीश कुमार की ओर से चालक परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।