अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता के बड़गांव गांव से पांच दिनों से लापता युवक मिल गया है। लापता युवक सुंदरनगर स्थित एक सब्जी की दुकान में काम करते हुए मिला है। परिजन युवक को सुंदरनगर से वापस घर ले आए हैं। परिवार के सभी सदस्य अपने लापता बेटे आदित्य के मिल जाने से खुश हैं।
आदित्य सिंह सुंदरनगर के एक सब्जी की दुकान पर काम करते हुए पाया गया। इसकी जानकारी सुंदर नगर के ही स्थानीय व्यक्ति संजू ठाकुर ने फोन पर आदित्य के परिवार को दी। इसके बाद बलवीर सिंह के भांजे ने सुंदरनगर जाकर आदित्य को घर वापस लाया।
आदित्य ने बताया कि वह झंडूता से ही किसी ट्रक में बैठकर सुंदरनगर पहुंचा था और वहां पर एक सब्जी की दुकान पर कार्य करने लगा था। आदित्य को ढूंढने में वन रक्षक विनोद कुमार जोकि इस समय हमीरपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, पहले वह पांच वर्ष तक झंडूता में कार्यरत थे कि मुख्य भूमिका रही है। जैसे ही उन्हें आदित्य के गुम हो जाने की जानकारी प्राप्त हुई उन्होंने हिमाचल ही नहीं बल्कि पंजाब पुलिस की भी सहायता ली और आदित्य को ढूंढने में कामयाब रहे। आदित्य के मिल जाने से परिवार में खुशी का माहौल है और पिता बलवीर सिंह ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है और बताया कि संजू ठाकुर को आदित्य की जानकारी देने के लिए इनाम स्वरूप 25000 रुपये दिए जाएंगे।
झंडूता थाना प्रभारी रामदास कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आदित्य सिंह को सुंदरनगर में एक सब्जी की दुकान से पाया गया और उसे परिवार को सौंप दिया गया है।
---------------------