ग्राम पंचायत बैहना जट्टा के गांव कलर के मकान में आईं दरारें। संवाद
- फोटो : BILASPUR
ऋषिकेश (बिलासपुर)। फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी ने ग्राम पंचायत बैहना जट्टा के गांव कलर में कटिंग के बाद अभी तक डंगा नहीं लगाया है। इससे एक घर को खतरा पैदा हो गया है। जमीन धंसने से मकान के आंगन में दरारें आ गई हैं।
कलर गांव के सरवन कुमार के घर के पास फोरलेन के लिए कटिंग की गई है। कुछ माह पहले घर के के पास भूस्खलन हो गया था। सरवन कुमार ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर डंगा लगाने की मांग की थी। इस पर उपायुक्त ने फोरलेन कंपनी के अधिकारियों को डंगा लगाने के निर्देश भी दिए। करीब एक माह पहले घर के नीचे तीन जगह डंगा लगाने के लिए स्टरिंग लगाई गई, लेकिन कार्य पूरा नहीं किया गया। सरवन कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले बारिश के बाद जमीन धंसने से घर में आंगन में छह इंच तक दरारें आ गई हैं। फोरलेन अधिकारियों ने कहा था कि तीन जगह डंगे लगाए जाएंगे, लेकिन अभी तक एक का काम भी पूरा नहीं हुआ है। आंगन में दरारें आने से डर लगता है। उन्होंने घर को जमींदोज होने से बचाने और सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है। उधर, फोरलेन निर्माण कर रही गावर कंपनी के महाप्रबंधक बीएस चौहान ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।