बिलासपुर। जिले में वैक्सीनेशन का कार्य जोर-शोर से जारी है। मंगलवार को जिले में 6607 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 18 से 44 आयु वर्ग के 5413 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। विद्यार्थियों में वैक्सीन लगवाने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। वहीं 330 वरिष्ठ नागरिकों और 45 से 59 आयु के 864 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि मंगलवार को जिले के विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटरों पर वैक्सीन लगाई गई। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों में काफी उत्साह दिखा। शिक्षकों, गैर शिक्षकों और 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों का भी टीकाकरण किया गया। सुबह 10 बजे से ही वैक्सीनेशन सेंटरों पर लोग पहुंचने शुरू हो गए। उन्होंने बताया कि जिला में 18 से 44 आयु वर्ग के 73,847 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं 45 से 59 आयु वर्ग के 64,390 लोगों व 51072 वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण किया जा चुका है। अभी तक जिला में 1,89,309 लोगों को टीकाकरण किया जा चुका है।