बिलासपुर। निचली भटेड़ ग्राम पंचायत के गांव देलग में नाबार्ड की सहायता से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक वित्तीय साक्षरता केंद्र बिलासपुर के सौजन्य से वरिष्ठ नागरिकों के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। वित्तीय साक्षरता केंद्र समन्वयक और वरिष्ठ प्रबंधक राजेंद्र ठाकुर ने शिविर में लोगों को संबोधित किया।
राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि अधिक ब्याज कमाने के लालच में गैर बैंकिंग संस्थाओं में अपना धन जमा न करवाएं। ये अनाधिकृत संस्थाएं लोगों का धन जमा कर भाग जाती हैं। हमें सचेत होकर समझदारी से निवेश करना चाहिए और धोखाधड़ी से बचना चाहिए। बचत के महत्व और बैंक में बचत खाता खोलने के बारे में भी शिविर में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने लोगों से अपने सभी बैंक खातों में नामांकन करवाने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचा जा सके। इस मौके पर लोगों से शिक्षा ऋण, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशु पालन क्रेडिट कार्ड और बैंक की ओर से विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ अपनी आवश्यकता अनुसार लेकर स्वरोजगार शुरू करने का आह्वान किया गया। शिविर में पंचायत प्रधान प्रेम लाल धीमान, उपप्रधान, पंचायत सदस्यों, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, स्थानीय शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सीमा हांडा, सहायक प्रबंधक राजपाल, अंकेश, अश्विनी कुमार सहित लगभग 80 गणमान्य लोगों ने भाग लिया।