भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर दधोल चौक पर पुलिस की ओर से स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से लगाए सीसीटीवी पिछले कुछ दिनों से बंद पड़े हैं। इस कारण हाईवे पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना मुश्किल हो गया है।
हाईवे की निगरानी, गैरकानूनी कार्य होने पर तहकीकात करने व किसी हादसे के बाद किसी गाड़ी की शिनाख्त करने के लिए स्थानीय दुकानदारों ने पैसे इकट्ठे करके सीसीटीवी लगवाए हैं। इन कैमरों की जिम्मेदारी पुलिस के पास है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से सीसीटीवी खराब पड़े हैं। कैमरे खराब होने का पता शुक्रवार को तब चला जब दधोल के नजदीक अज्ञात कार चालक किशोर को टक्कर मारकर भाग गया। अभी तक कार को बरामद करने में पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस कई दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज की मदद से कार चालक को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयासरत है। हाईवे पर हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो महीनों के दौरान एक दर्जन से ज्यादा हादसे सामने आ चुके हैं। अभी 30 दिसंबर को नस्वाल के समीप भी सड़क हादसे में एक 35 वर्षीय युवक की मौत हुई थी। इसके अलावा निहारी के समीप बाइक सवार महिला की जेसीबी के टायर के नीचे आने से जान जा चुकी है। दधोल पुल के पास बाइक व स्कूटी की टक्कर में एक महिला की जान जा चुकी है। इसके अलावा हाईवे पर कई अन्य हादसों में कई लोग घायल हो चुके हैं।