बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में एक कैंटर चालक ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया, जिससे दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम को भेज कैंटर को कब्जे में ले लिया है।
शहजाद नगर थाना क्षेत्र के कस्बा चमरौआ निवासी मुर्शिद अली (32) गांव में ही मेडिकल स्टोर चलाते थे। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह बाइक से जिला उधम सिंह नगर के कस्बा गदरपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी अफसाना बेगम (28) भी साथ थीं।
बिलासपुर-नवाबगंज रोड पर ग्राम बेरखेड़ा के पास एक कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद टैंकर का पहिया मुर्शिद व अफसाना के ऊपर चढ़ गया, जिससे दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपती को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में कर कोतवाली में खड़ा करा दिया है।
पुलिस द्वारा हादसे की सूचना पाकर मृतकों के परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए थे। कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है कि बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए था और पत्नी के साथ अपनी ससुराल गदरपुर जा रहा था। घटना की रिपोर्ट अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।