सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने वाल्मीकि जयंती समारोह में लिया भाग
सामुदायिक भवन के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। डियारा सेक्टर में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। जिला वाल्मीकि सभा के प्रधान अशोक कुमार की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मंदिर में शीश नवाया और हवन यज्ञ में भाग लिया। इस दौरान विधायक ने सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि वाल्मीकि किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समस्त मानवता के लिए आदर्श हैं। उन्होंने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर मानवता को जीवन जीने की दिशा दिखाई। रामायण की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकि का हिंदू समाज और सामाजिक समरसता में महत्वपूर्ण योगदान है। उनके जीवन और शिक्षाओं को अपनाकर समाज में समरसता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। वाल्मीकि ने लव-कुश को जिन आदर्शों और गुणों की शिक्षा दी, उनसे प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष जमुना देवी, पूर्व अध्यक्ष कमल गौतम और पूर्व उपाध्यक्ष सोनिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला वाल्मीकि सभा की ओर से विधायक सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिव कुमार नड्डा, इंद्र डोगरा, जगजीत सिंह, तुषार डोगरा, अनिल किशोर, विजय कग्घा, मनोज गागट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।