बिलासपुर में कार्यभार संभालते ही नए पुलिस अधीक्षक ने बताई प्राथमिकताएं
चिट्टे के मूल सप्लायर तक पहुंचने और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस
पुलिस रात्रि गश्त मजबूत करने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की तैयारी
शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर बना चुके हैं अलग पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के नए पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कार्यभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। युवाओं को नशे के जाल से बचाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक धीमान ने बताया कि नशे के पूरे तंत्र और मूल सप्लायरों तक पहुंचकर कार्रवाई होगी। यह अभियान प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूरी कठोरता से चलेगा। पुलिस केवल मामलों का खुलासा नहीं करेगी, बल्कि आपूर्ति श्रृंखला को भी ध्वस्त करेगी। कानून व्यवस्था मजबूत करना, यातायात व्यवस्था सुधारना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए विशेष रणनीति तैयार होगी। नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी और रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
पुलिस की सक्रियता
अभिषेक धीमान ने कहा कि पुलिस की दृश्यता लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा करती है। इसी उद्देश्य से जिले में नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी। रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को जनता के बीच सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया है।
अभिषेक धीमान का परिचय
अभिषेक धीमान भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2021 बैच के अधिकारी हैं। वह हमीरपुर जिले के हरटेड़ा गांव से संबंध रखते हैं। उन्होंने 2020 की संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में 374वीं रैंक हासिल की थी। बिलासपुर में नियुक्ति से पहले वह शिमला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक थे। शिमला में उन्होंने नशा तस्करी के खिलाफ कई महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया।