बरठीं (बिलासपुर)। 1971 के भारत-पाक युद्ध में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले रणबांकुरों को प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। समिति ने विजय दिवस को अल्फा पब्लिक स्कूल बरठीं में मनाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार ने की। एडीसी बिलासपुर अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि कार्यक्रम में शिरकत की। लेफ्टिनेंट कर्नल योगेश पवार बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
पूर्व सैनिक कल्याण समिति के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत प्रकाश चंद को याद करते हुए 1971 के भारत-पाक युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। वीर नारियों में दुर्गी देवी, सत्या देवी, रतनी देवी शामिल रहीं। समिति के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार एवं सचिव धनीराम धीमान ने लोगों को विजय दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि 1971 के युद्ध में 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण कर दिया था।
उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद पूर्वी पाकिस्तान स्वतंत्र हो गया। उसी युद्ध की याद में 16 दिसंबर को भारत-पाक विजय युद्ध के नाम से प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
कार्यक्रम में छोटी, गंभरी, ब्रह्मी देवी ने भी देशभक्ति गानों पर प्रस्तुति देकर माहौल को खुशनुमा किया। इस मौके पर कर्नल विचित्र सिंह, कैप्टन योगेंद्र पाल, नरेंद्र, रूप लाल, पृथ्वी सिंह, हवलदार महाजन सिंह, नाइक रतन सिंह, कैप्टन जोगेंद्र सेन, सुनीत सिंह, सर्वजीत, जगजीत, सीता राम, हवलदार प्रकाश, राजेंद्र सिंह आदि वीर नारियां भी उपस्थित रहीं। संवाद