बिलासपुर। बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन फोरलेन के निर्माण में लगी कंपनी पर मजदूरों ने गुंडागर्दी करने और उन्हें बिना पैसे दिए ही यहां से भगाने के आरोप लगाए हैं। मामला स्वारघाट के समीप तुनहु में टनल नंबर 3 का है। इस टनल के निर्माण में लगे मजदूरों ओर कंपनी के अधिकारियों के बीच वेतन को लेकर पिछले दो माह से विवाद चला हुआ है। मामला इतना बढ़ गया है कि लेबर कार्यालय में समझौता वार्ता चली हुई है।
आरोप है कि रविवार रात को कंपनी के अधिकारियों ने मजदूर यूनियन के नेता मुकेश कुमार से भी सरेआम मारपीट की और जान से मरने की धमकी दी। इस घटना का स्थानीय ग्रामीणों ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। मजदूरों ने पुलिस को सूचित किया तो सदर पुलिस मौके पर पहुंची। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी के अधिकारी उन्हें बिना पैसे दिए ही जबरदस्ती गुंडागर्दी करके भगा रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
मजदूरों ने बताया कि बिना पैसे दिए ही जबरदस्ती बिलों पर हस्ताक्षर करवाने के लिए जोर जबरदस्ती की जा रही है। वहीं, मजदूर यूनियन के प्रधान मुकेश ने कहा कि फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी सुरंग के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री लगा रही है। जिससे आने वाले समय में लोगों की जान पर खतरा पैदा हो सकता है। मजदूरों को बिना वेतन दिए ही गुंडागर्दी करके भगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि छानबीन करवाई जाए।
डीएसपी बिलासपुर राजकुमार ने बताया कि सदर थाना में मजदूरों से मारपीट करने की शिकायत आई है। लेकिन अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है। कंपनी की तरफ से भी कुछ मजदूरों पर मारपीट का केस दर्ज करवाया गया है। इस संबंध में छानबीन जारी है।