बिलासपुर। जिले में सोमवार को कृमि मुक्ति दिवस पर 1 से 19 साल तक के 1,04,224 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इसके अलावा एक से पांच साल के 26,287 बच्चों को एल्बेंडाजोल के साथ विटामिन ए की खुराक भी पिलाई जाएगी।
यह कृमि मुक्ति दवाई जिला के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलाई जाएंगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, महिला और पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में 1 से 19 वर्ष के सभी बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाने में सहयोग करेंगे। वहीं स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों को उनके घरों पर यह गोली खिलाई जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रविंदर सिंह ने बताया कि नवजात शिशुओं को कुपोषण से मुक्ति दिलाने एवं रक्त की कमी की समस्या को दूर करने के लिए बच्चों को पेट में कीड़ा मारने की दवा खिलाई जाएगी। भारत सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशानुसार एक से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। बच्चों को दवा खिलाते समय कुछ सावधानियां भी बरती जाएगी। अगर किसी बच्चे को कोई गंभीर बीमारी या संक्रमण के कारण उपचार चल रहा है या कोई भी बच्चा सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रहा है तो उसे यह दवा नहीं खिलाई जाएगी। दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली चूर्ण करके खिलाई जाएगी। दो से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली पूरी तरह से चबाकर ही खिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल की गोली से पेट के कीड़ों की रोकथाम के लिए होती है और विटामिन ए की दवाई आंखों की रोशनी को बनाए रखने के लिए जरूरी होती है । उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के आदेश दिए गए हैं।