बिलासपुर। 26 से 29 अगस्त तक गोवा के दयानंद खेल परिसर में आयोजित वरिष्ठ राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग राष्ट्रीय स्पर्धा में बिलासपुर के गांव देलग से संबंध रखने वाले युवा ने पदक जीत कर बिलासपुर का नाम रोशन किया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में किक बॉक्सर अखिल कुमार ठाकुर ने 89 किलो भार वर्ग के दो इवेंट में भाग लिया। अखिल ने दोनों ही भार वर्ग प्रतियोगिता में पदक जीते। अखिल ठाकुर ने किक बॉक्सिंग में किक लाइट खेल प्रकार में रजत पदक प्राप्त किया और प्वाइंट फाइट में कांस्य पदक हासिल किया।
उनके रजत और कांस्य पदक जीतने से जिला भर में खुशी की लहर है और उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। अगले वर्ष मार्च में बैंकाक में होने वाली एशियन किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अखिल ठाकुर का चयन राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। यह बात अखिल ठाकुर के पिता पुरुषोत्तम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि अखिल प्रशिक्षण शिविर में बेहतरीन प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाकर एशियन गेम्स में भी मेडल जीतेगा और देश, प्रदेश और बिलासपुर का नाम रोशन करेगा। अखिल ने इस जीत का श्रेय माता-पिता और हिमाचल किक बॉक्सिंग एसोसिएशन प्रमुख परशुराम अवार्डी डॉक्टर संजय यादव और कोच हंसराज को दिया है।