बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली पुलिस ने एक युवक से दो लोगों द्वारा 20 हजार रुपये लूटने व उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने के मामले में सात माह बाद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद तहकीकात शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदपुर निवासी आसाराम की पत्नी राजकुमारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह मूलत: शाहजहांपुर जिले के ग्राम बरखेड़ा मदनापुर की निवासी है और वह फिलहाल चांदपुर में रह रही है। उसका कहना है कि उसका पुत्र संजू श्रीवास्तव ग्राम चांदपुर निवासी अपने नाना राजबहादुर के घर पर रहता था और रुद्रपुर की एक कंपनी में नौकरी करता था। संजू के साथ ही रुद्रपुर के मोहल्ला खेड़ा वाल्मीकि निवासी रोहित व बाबू भी काम करते थे। दोनों युवकों का उसके घर पर आना जाना भी था। आरोप है कि दोनों युवकों ने चार फरवरी 2021 को सुबह नौ बजे उसके पुत्र को फोन करके बुलाया।
इसके बाद उसका पुत्र वापस नहीं आया। उसी शाम को करीब पांच बजे उसे सूचना मिली कि कोतवाली की रूद्रविलास चौकी क्षेत्र के बलवंत फार्म के बाग में एक पेड़ पर उसके पुत्र का शव लटका हुआ है। उसका आरोप है कि उसका पुत्र जब घर से गया तो 20 हजार रुपये भी उसके पास थे, जो गायब थे। महिला का आरोप है कि उक्त दोनों युवकों ने उसके पुत्र की हत्या करके शव पेड़ पर लटका दिया और रुपये लूट लिए।
इसके कुछ दिन बाद जब उसने उक्त लोगों से जानकारी करनी चाही तो उक्त दोनों ने उससे कहा कि उन्होंने उसके पुत्र को मार दिया है और अगर वह शिकायत करेगी तो उसे भी मार देंगे। पुलिस ने अदालत के आदेश पर दोनों युवकों के खिलाफ 394, 302, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी इंद्रेश सिंह का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू कर दी गई है।