शिमला-धर्मशाला एनएच-103 पर हाईकोर्ट के आदेशों के बाद घुमारवीं प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाना शुरू कर दिया है। बुधवार को पट्टा में एसडीएम घुमारवीं आदित्य नेगी की देखरेख में प्रशासन ने जेसीबी चलाकर अवैध कब्जों को तोड़ा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की ओर से अवैध कब्जाधारियों से अपील की गई है कि वह या जो स्वयं कब्जे हटा दें, नहीं तो प्रशासन को मजबूरी में उन पर जेसीबी चलानी पड़ेगी। एसडीएम ने साफ किया है कि यह मुहिम तब तक चलती रहेगी जब तक पूरे अवैध कब्जे हटाए नहीं जाते।
गौरतलब है कि घागस से लेकर घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में एनएच-103 के किनारे लोगों ने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए हैं। प्रशासन की सख्ती के कारण कुछ दिन पहले 30 लोगों ने स्वयं की अवैध निर्माण हटाने शुरू कर दिए थे।
मगर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो प्रशासन के बार-बार कहने के बावजूद भी कब्जे नहीं हटा रहे थे। इसके चलते प्रशासन ने बुधवार को पट्टा में अवैध कब्जे हटाए। बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि वह स्वयं ही अपने कब्जे हटवा देंगे। घागस, कंदरौर, घुमाणी चौक, भगेड़, घुमारवीं, पट्टा और अन्य छोटे-छोटे स्थानों पर प्रशासन की कार्यवाही से अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं।
एसडीएम आदित्य नेगी ने कहा कि प्रशासन लोगों से आग्रह करता हैं कि जिन लोगों ने एनएच किनारे अवैध निर्माण किए हैं वह इसे खुद हटा ले, अन्यथा प्रशासन को इन्हें हटवाना होगा। इसके अलावा इसका खर्चा भी लोगों से वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही एनएच-103 से सभी अवैध निर्माण हटा दिए जाएंगे।