एसडीएम घुमारवीं ने कुठेड़ा व्यापार मंडल, टैक्सी चालकों, लोनिवि अधिकारियों के साथ की बैठक
- चौक से आगे की सड़क का किया निरीक्षण, बाधा डालने वालों पर कार्रवाई करने के दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। उपमंडल अधिकारी नागरिक घुमारवीं गौरव चौधरी ने घुमारवीं कुठेड़ा पंचायत के कुठेड़ा बाजार में दिन प्रतिदिन बढ़ रही ट्रैफिक की समस्या को रोकने के लिए व्यापारियों, टैक्सी चालकों, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इस दौरान उन्होंने कुठेड़ा से तल्याना सड़क का निरीक्षण भी किया।
कुठेड़ा चौक से कुछ दूरी पर यह सड़क इतनी दयनीय स्थिति में है कि कोई भी दुर्घटना का शिकार हो सकता है। वहां पर सड़क की चौड़ाई बहुत ही कम है। लोगो ने रिहायशी मकान बना लिए हैं। इस कारण सड़क की चौड़ाई बहुत ही कम हो गई है। इसी वजह से लोक निर्माण विभाग ने वहां नालियों का निर्माण नहीं कराया है। इससे लोगों के घरों से निकला गंदा पानी उस सड़क पर जमा हो जाता है और सड़क कीचड़नुमा बनी रहती है। एसडीएम गौरव चौधरी ने इस सड़क का निरीक्षण किया। पंचायत और लोक निर्माण विभाग को इस समस्या का हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। चौधरी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को टैक्सी चालकों की गाड़ियां पार्क करने के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों और टैक्सी चालकों को नियमों का पालन करने के कड़े निर्देश दिए। कुठेड़ा बाजार में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का भी उन्होंने जायजा लिया। यहां चौक होने के कारण आवाजाही ज्यादा होती है, अक्सर कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है।
एसडीएम ने कहा कि कई लोगों की शिकायत है कि दुकानदारों ने अपनी दुकानें सड़कों पर सजा रखी हैं। इस कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। साथ में बाजार में आबादी ज्यादा होने के कारण लोग अपनी गाड़ियां दुकानों के आगे लगा देते हैं और कई घंटे बाद वह वहां से हटाई जाती हैं। एसडीएम ने दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए कि कोई भी दुकानदार लोकनिर्माण विभाग की पक्की नाली से आगे अपनी दुकान नहीं लगाए। कोई भी टैक्सी चालक अपनी गाड़ियों को यहां-वहां खड़ा न करे। अगर कोई भी नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई होगी। इस मौके पर डीएसपी चंद्र पाल, पंचायत प्रधान ज्योति प्रकाश, नयना देवी गो सदन के प्रधान सुरेश ठाकुर, व्यापार मंडल प्रधान राकेश सोनी आदि मौजूद रहे।