लखनपुर के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अवैध कब्जे व निर्माण को लेकर औचक निरीक्षण करते हुए उपायुक?
बिलासपुर। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हो रहे अवैध निर्माण का निरीक्षण करने उपायुक्त पंकज राय रविवार रात 12 बजे पहुंचे। उन्होंने मौके पर दो लोगों की ओर से किया जा रहा अवैध निर्माण रुकवाया। उन्होंने बिना नक्शे के निर्माण कार्य करने वाले दो परिवारों के बिजली-पानी कनेक्शन काटने के आदेश भी बोर्ड को दिए।
बिलासपुर शहर व उसके आसपास नप के दायरे में आने वाले क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण का दौर जारी है। लोग नप की जमीन पर भवन निर्माण कर रहे हैं। बिना औपचारिकताएं पूरी कर रातोंरात भवन खड़े किए जा रहे हैं। ऐसे में अब इन लोगों पर कार्रवाई करने के लिए जिला उपायुक्त ने कड़ा रुख अपना लिया है। रविवार रात को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दो परिवारों पर कार्रवाई करने के बाद सोमवार दिन को उपायुक्त बस अड्डा चौक और गांधी मार्केट में सरकारी अमले के साथ पहुंचे। उन्होंने नप को आदेश दिए कि इन दोनों स्थानों पर रास्ते और सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों व अन्य लोगों पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
इसे पहले कई बार प्रशासन को इन दोनों स्थानों पर रेहड़ी फड़ी व अन्य लोगों की ओर से किए गए अवैध अतिक्रमण की शिकायतें मिल चुकी हैं। प्रशासन ने इन्हें अतिक्रमण हटाने के आदेश भी जारी किए लेकिन कुछ नहीं हुआ। वहीं अब उपायुक्त ने नप को इस मामले में उचित कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि छुट्टी वाले दिन भी इस बात का ध्यान रखा जाए कि कोई अवैध अतिक्रमण न करे।