घुमारवीं के दधोल से बरामद शिमला के ढली से चोरी हुई बोलेरो कैंपर।
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी(बिलासपुर)। शिमला के ढली से 14 अक्तूबर को चोरी हुई बोलेरो कैंपर को शिमला पुलिस ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के दधोल से बरामद कर लिया। चोरी हुई गाड़ी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। सुराग लगने के बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी। इस मामले में डंगार क्षेत्र के युवक को भी गिरफ्तार किया है।
इससे पहले भी गाड़ी चोरी करने के आरोप में लदरौर क्षेत्र के एक युवक को शिमला पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। चोरी के इस मामले में अब और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। पुलिस क्षेत्र के कुछ अन्य युवकों की तलाश भी कर रही है। वे अभी फरार बताए जा रहे हैं। शिमला पुलिस टीम ने दधोल से बोलेरो कैंपर को कब्जे में ले लिया।
पुलिस इस मामले में लदरौर के युवक काकू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के बाद युवक ने ढली से बोलेरो चोरी करने की बात कबूली। उसने बताया था कि चोरी की गाड़ी दधोल में छिपाई है। पुलिस ने डंगार के युवक अजय कुमार युवक को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अन्य आरोपी युवकों की तलाश जारी है।
भराड़ी थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शिमला से चोरी हुई बोलैरो जीप को दधोल में बरामद कर शिमला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। लदरौर क्षेत्र के काकू को शिमला पुलिस ने पहले गिरफ्तार कर लिया था। अब डंगार क्षेत्र के अजय कुमार को शिमला पुलिस ने हिरासत में लिया है।