- सातवें नवरात्र पर 13.48 लाख रुपये चढ़ावा हुआ प्राप्त
- पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, बिहार सहित अन्य राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में रविवार को अष्टमी पूजन की धूम रही। अष्टमी नवरात्र पर पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य राज्यों से शाम 6:00 बजे तक 49,280 श्रद्धालुओं ने मां नयनादेवी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अष्टमी के पावन उपलक्ष्य पर श्रद्धालुओं ने मंदिर में हवन यज्ञ किया और मां की पूजा अर्चना कर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर के कपाट रात 2:00 बजे दर्शनार्थ खोल दिए गए थे। इसके बाद से ही श्रद्धालु मंदिर में पहुंचना शुरू हो गए। सुबह तक श्रद्धालुओं की संख्या मंदिर के प्रवेश द्वार तक जा पहुंची, जबकि दिन भर कतारें मंदिर के बाहर तक लगी रहीं। श्रद्धालुओं को दो से तीन घंटे के कतार में खड़े रहने के बाद मां नयनादेवी के दर्शन हुए। मेला अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि उम्मीद के अनुसार रविवार को भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इसके लिए पहले से तैयारियों की गई थीं। व्यवस्था पूरी तरह से बढि़या चल रही है। किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि सातवें नवरात्र पर मंदिर न्यास को 13. 48 लाख रुपये नकद, 1 ग्राम सोना, 1.7 किलोग्राम चांदी, 115 कैनेडियन डॉलर, 15 ऑस्ट्रेलियन डॉलर और 70 दीराम चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया नवमी नवरात्र पर भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया जा रहा है, जबकि श्रद्धालुओं के लंगर की व्यवस्था भी सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से की गई है।