विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में माथा टेकने के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में रविवार को 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने माथा टेका। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर अपने घर-परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की। रविवार को पंजाब, हिमाचल, हरियाणा व दिल्ली और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
बता दें कि रविवार को छुट्टी के दिन श्री नयना देवी जी मंदिर में श्रद्धालुओं का काफी भीड़ उमड़ी। दोपहर की आरती के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ फ्लाईओवर को पार कर गई। मंदिर में तैनात सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों और होमगार्ड के जवानों ने भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखा। श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में मंदिर भेजा गया और लाइनों में ही माता के दर्शन करवाए गए। कोविड-19 महामारी के दिशानिर्देशों के अनुसार श्रद्धालुओं को मास्क लगाकर ही मंदिर के लिए भेजा गया।
वहीं मंदिर में भीड़ के चलते निकासी की सुचारु व्यवस्था का जिम्मा मंदिर न्यास के सहायक अभियंता प्रेम शर्मा ने संभाला। स्थानीय पुजारी संजय शर्मा ने बताया कि माता के दरबार में हर रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। लेकिन इस रविवार को काफी ज्यादा संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे। रविवार को करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।