फरवरी में अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास
दो महीने पहले शुरू हुआ गर्मी का मौसम
जिले में फसलों पर भी खड़ा हुआ संकट
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
जिले में इस बार अप्रैल की गर्मी का एहसास फरवरी में ही होने लगा है। ऐसा लग रहा है कि अब गर्मी का मौसम समय से पहले ही आ गया है। इस बार फरवरी महीने में ही लोगों के गर्म कपड़े उतरना शुरू हो गए हैं। शनिवार को भी जिले में मौसम साफ था और गर्मी ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। वहीं, अगर अगले कुछ और दिनों तक बारिश नहीं होती है तो गेहूं की फसल पर भी इसका असर देखने को मिलेगा। शनिवार को शहर में पूरा दिन धूप खिली रही। इस दौरान काफी संख्या में लोग बाजार तथा आसपास की जगहों पर गर्मी के कपड़े पहन कर बाहर निकले। कई लोग तो आइसक्रीम खाने का मजा लेते दिखे। हालांकि, बिलासपुर जिले में पूर्व में अप्रैल महीने से गर्मी शुरू होती थी, लेकिन इस साल बारिश न होने के कारण दो महीने पहले ही मौसम गर्म होना शुरू हो गया है।
अजय कुमार, सुरेश कुमार, राके श, तुलसी राम, भगत सिंह और शिव कुमार ने बताया कि इस साल बारिश न के बराबर हुई है। इससे गर्मी का मौसम समय से पहले ही आ गया है। लोगों का कहना है कि इस बार जिले में पानी के संकट से भी दो चार होना पड़ेगा, क्योंकि पूरे सर्दी के मौसम में एक बार ही हल्की सी बारिश हुई है। इसका परिणाम यह है कि दो महीने पहले ही गर्मी का मौसम आ गया है। वहीं, मौसम के परिवर्तन से किसानों की फसल को भी नुकसान पहुंच रहा है। अगर समय पर बारिश नहीं हुई तो इस बार गेहूं की फसल से भी किसानों को हाथ धोना पड़ेगा। किसानों को आने वाले समय की भी चिंता सताने लगी है।