सड़क से उड़ रही धूल बनी आफत
डबल लेन के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप
पानी का छिड़काव न करने से बढ़ी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)
घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत कंदरौर से डंगार तक डबल लेन के कार्य में जहां स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं आम लोगों को उड़ रही धूल से बीमारी होने का डर सता रहा है।
नगर परिषद का अबढानीघाट क्षेत्र से लेकर सीर खड्ड पुल तक का शहर हो या इसके निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्र कुलारू, बल्लू, पट्टा, नस्वाल कोई भी क्षेत्र हो, सभी जगह पर ऐसी ही स्थिति है। हर जगह पुलियों, नालियों और विस्तारीकरण के लिए खुदाई करने के बाद उस काम को आधा-अधूरा छोड़ दूसरे काम का रुख किया जा रहा है। डबल लेन के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से की जा रही इस प्रकार की मनमानी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डबल लेन का कार्य घुमारवीं शहर में आजकल चला हुआ है। करीब बीस दिन पहले खोदी गई नालियों को बनाया नहीं जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों मे रोष पनप रहा है। कुलारू, बल्लू आदि क्षेत्रों में पानी की पाइप पिछले एक माह से टूटी होने के कारण पानी की बूंद-बूंद को तरसना पड़ रहा है।
उधर, स्थानीय सिविल अस्पताल के समीप टूटी हुई सीवरेज की पाइप के चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों का बदबू के चलते सांस लेना भी दूभर हो गया है। लोगों ने कंपनी के अधिकारियों से मांग की है कि कार्य को एक जगह से शुरू करने उपरांत उसे सुचारु रूप से पूरा करें, जिससे लोगों को परेशानी न उठानी पड़े। स्थानीय निवासी राजीव शर्मा, बंसी राम, प्रकाश चंद, देशराज, उर्मिला देवी, सुमन शर्मा, सुनील कुमार ने पानी का छिड़काव सुनिश्चित करवाने की मांग की है। दकड़ी चौक के समीप खुदाई से परेशान स्थानीय लोगों में रतनलाल मेहता, सुरेश कौशल, रविंद्र कुमार, दीपक कुमार, रवि ठाकुर, सुशील कुमार और रमेश मेहता ने प्रशासन और कंपनी के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर कार्य सुचारु रूप से नहीं किया गया और उड़ रही धूल से निजात नहीं दिलवाई गई तो प्रशासन और कंपनी के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। एसडीएम घुमारवीं शशिपाल ने कहा कि शीघ्र कंपनी के अधिकारियों से बात की जाएगी और उनको सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि कार्य सुचारु रूप से करें। उड़ रही धूल से परेशानी न हो, इसके लिए दिन में पांच बार टैंकर से पानी का छिड़काव करें।