-बिलासपुर कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनसीसी के स्थापना दिवस पर राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में एनसीसी नेवल विंग और एनसीसी आर्मी विंग की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 16 कैडेट्स ने रक्तदान दिया।
शिविर में 16 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी प्रो. श्रवण कुमार ने बताया कि इस दिन 1948 में दिल्ली में एनसीसी यूनिट का गठन किया गया था, ताकि युवाओं में एकता, अनुशासन और नेतृत्व करने के गुणों का विकास हो सके। साथ ही आने वाले समय में युवा देश के बेहतर नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है। कैडेट्स द्वारा किया गया रक्तदान समय आने पर किसी के लिए बहुमूल्य हो सकता है। शिविर में कैडेट्स अंकित ठाकुर, कृतेश पठानिया, कुमकुम, धनंजय, अजय कुमार, शालिनी, मुस्कान चंदेल, राजन चंदेल, अतुल, दीपक, रजिया शेख, प्रज्जवल चंदेल, साहिल, अभिषेक और अन्य ने रक्तदान किया। इस अवसर पर प्राचार्य नीना वासुदेवा, एनसीसी अधिकारी प्रो. श्रवण कुमार, प्रो. जयचंद महवाल, प्रो. सुरेश जमवाल, एम्स बिलासपुर के डॉक्टर राकेश और उनकी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।