-30 अक्तूबर फिर निपटारों के लिए फिर बैठेंगे तहसीलदार और नायब तहसीलदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश में चल रहे इंतकाल अभियान के तहत तहसील सदर और उप तहसील नम्होल में राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मिलकर दो दिन में 150 मामलों का निपटारा कर दिया है। 30 अक्तूबर को फिर से तहसीलदार और नायब तहसीलदार धौण कोठी, राजपुरा और नम्होल में निपटारों के लिए बैठेंगे। सदर तहसीलदार नरेंद्र कुमार ने लोगों से आग्रह किया है कि इस दौरान जो भी उनके इंतकाल के मामले हैं उन्हें लेकर वहां आएं, ताकि उनका निपटारा किया जा सके।
राजस्व अधिकारियों ने सदर और नम्होल के तहत पटवार सर्कलों को तीन भागों में बांटा है। सदर में 11 पटवार वृत्तों में तहसीलदार नरेंद्र कुमार, 11 में नायब सुभाष चंद और उप तहसील नम्होल के तीन वृत्तों में नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह सेवाएं दे रहे हैं। 27 अक्तूबर को स्योहला और लघट में तहसीलदार निपटारों के लिए पहुंचे। स्योहला में आठ पटवार वृत्तों के लोगों को बुलाया गया था। यहां पर 128 इंतकाल प्रस्तुत किए गए। इसमें से 71 मामलों का निपटारा किया गया। नौ इंतकाल में दस्तावेज सही या पूरे न होन पर रद्द कर दिए गए और 48 इंतकाल का कमी होने के चलते अगली तिथि के लिए विचाराधीन किया गया। इसके बाद लघट में तीन पटवार वृत्तों के 21 इंतकाल प्रस्तुत किए गए। इसमें से 20 का निपटारा हुआ और एक इंतकाल को खारिज किया गया। नायब तहसीलदार सुभाष चंद ने राजपुरा और दयोली पटवार वृत्तों का दौरा किया है। दोनों जगह सात पटवार वृत्तों के लोगों को बुलाया गया था। इस दौरान उनके समक्ष 57 मामले प्रस्तुत किए गए। इसमें से 56 मामले निपटाए गए और एक को विचाराधीन रखा गया। नम्होल में अभी तक तीन वृत्तों के तीन इंतकाल प्रस्तुत हुए हैं, इन तीनों का निपटारा कर दिया गया। इस तरह अभी तक 209 इंतकाल के मामले प्रस्तुत किए गए। इसमें 150 का निपटारा किया गया। दस को दस्तावेजों में कमी के कारण खारिज किया गया। 49 मामलों में औपचारिकताएं पूरा करने और उन लोगों को सूचना देने के लिए विचाराधीन रखे गए। तहसीलदार नरेंद्र ने बताया कि 30 अक्तूबर को इस अभियान के तहत मामलों के निपटारे के लिए वह धौण कोठी, नायब तहसीलदार पटवार वृत्त मेन मार्केट बिलासपुर और नायब तहसीलदार नम्होल कार्यालय में बैठेंगे। बताया कि पटवारियों के माध्यम से लोगों सूचित किया गया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जो भी उनके इंतकाल के मामले हैं उन्हें उचित दस्तावेज के साथ लेकर वहां पहुंचे, ताकि लंबित मामलों को निपटाया जा सके। बताया कि सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार राजस्व विभाग कार्य में जुटा हुआ है। उनका लक्ष्य है कि 30 अक्तूबर को सभी मामलों का निपटारा किया जाए।
इनसेट
सदर में मात्र एक कानूनगो, दो पद खाली
बता दें कि सदर तहसील के तहत सदर, दयोली और स्योहला में कानूनगो के पद स्वीकृत हैं, लेकिन केवल सदर में ही कानूनगो मौजूद है। साथ ही उप तहसील नम्होल में भी फील्ड कानूनगो का पद रिक्त चल रहा है। इस कारण भी राजस्व अधिकारियों को मामलों के निपटारे में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही कुछ पटवार वृत्तों में पटवारियों के पद भी खाली चले हुए हैं। स्योहला और दयोली में 15-15 दिनों के लिए घुमारवीं से कानूनगो को बुलाया जाता है।