शाहतलाई (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत नघ्यार में 15 परिवारों को एकीकृत ग्रामीण विकास कार्यक्रम (आईआरडीपी) की सूची से हटा दिया गया। उनके स्थान पर 15 नए परिवारों को आईआरडीपी की सूची में डाला गया है। सोमवार को पंचायत प्रधान बबीता कुमारी की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
पंचायत प्रधान ने बताया कि आईआरडीपी की सूची से उन परिवारों को हटाया गया है, जिनके परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में लग गया है अथवा जो परिवार करदाता की श्रेणी में आ गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की बैठक में और प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसमें पंचायत के राशन कार्ड धारकों से कर शुल्क के रूप में 100 रुपये प्रति वर्ष का लेने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में निर्णयों की कार्यवाही की पुष्टि, आय-व्याय पर विचार, वृद्ध, दिव्यांग, और विधवा पेंशन के तहत लाभार्थियों का चयन किया गया। इस मौके पर उपप्रधान मीनाक्षी, सदस्य कौशल्या देवी, मनोज कुमार, राजो देवी, किशोरी लाल, पुनम कुमार, नीलम कुमार, पंचायत सचिव अमित कुमार, पूर्व प्रधान राजेंद्र कुमार, और सीता राम मौजूद रहे।