श्री नयना देवी के गाँव गलुआ के पास सड़क हादसे में घयल हुआ व्यक्ती।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। कोट थाना के तहत गलुआं गांव के पास श्रद्धालुओं से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 1 की हालत गंभीर है। श्रद्धालु नालागढ़ के बणी गांव से श्री नयना देवी जी में माथा टेकने आए थे। बताया जा रहा है कि वापस जाते समय हादसा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार जब श्रद्धालु श्री नयना देवी से वापस लौट रहे थे तो टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। दुर्घटना में 12 श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं। एक बुजुर्ग श्रद्धालु की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों की सहायता से श्रद्धालुओं को समीपवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घवांडल पहुंचाया गया। मौके पर श्री नयना देवी चौकी प्रभारी राजेश शर्मा पुलिस दल के साथ घटनास्थल में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य को अमलीजामा पहनाया। टेंपो में बच्चों समेत लगभग 30 लोग सवार थे। वहीं पुलिस ने इस संदर्भ में कोट थाना में मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी श्री नयना देवी जी पूर्ण चंद ने बताया कि घायलों की पहचान बग्गा राम (71) पुत्र चेत राम, विमला (60) पत्नी मोहन लाल, बच्ची महक (8), सत्या देवी, राजेश कुमार, कांता देवी, मुस्कान, रजनी, दुर्गी देवी, रीता देवी, नीलम देवी, मंजू देवी के रूप में हुई है। इनमें बग्गा राम गंभीर रूप से घायल है। जिसे पीजीआई रेफर किया है।