- चार केंद्रों पर हुई परीक्षा, 64 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
-सिर्फ एडमिट कार्ड और पेन ले जाने की ही मिली अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से रविवार को अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का आयोजन किया गया। जिले में 1090 अभ्यर्थियों ने टेट की परीक्षा दी। परीक्षा के लिए 1154 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा में 64 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा चार केंद्रों पर हुई। सुबह के सत्र में 666 और शाम के सत्र में 424 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
रविवार को टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी मेडिकल टेट की परीक्षा हुई। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में हुई। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बोर्ड की टीम ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षार्थियों को सिर्फ एडमिट कार्ड और पेन ले जाने की ही अनुमति मिली। परीक्षा सुबह और शाम के दो सत्रों में आयोजित हुई। सुबह के सत्र में टीजीटी आर्ट्स की परीक्षा हुई। पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चला। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:00 बजे ही अभ्यर्थियों ने पहुंचना शुरू कर दिया था। अभ्यर्थियों को 9:30 बजे प्रवेश दिया गया। वहीं, दूसरे सत्र में टीजीटी मेडिकल की परीक्षा हुई। दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया गया। अभ्यर्थियों ने दोपहर 1:00 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू कर दिया था। परीक्षार्थियों को 1:30 बजे प्रवेश दिया गया। प्रवेश देने के बाद अभ्यर्थियों के आधार कार्ड और प्रवेश पत्र की जांच की गई। अभ्यर्थियों के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बाहर रखवाए गए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला बिलासपुर में सुबह के सत्र में 180 में से 172, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला घुमारवीं में सुबह के सत्र में 180 में से 168, शाम के सत्र में 127 में से 118, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला घुमारवीं में सुबह के सत्र में 180 में से 174, शाम के सत्र में 180 में से 171, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला बिलासपुर में सुबह के सत्र में 167 में से 152, शाम के सत्र में 140 में से 135 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।