तन पर बचे कपड़ों के सिवाय कुछ नहीं बचा
पीड़ित नैणु राम ने रोते हुए बताया कि इस अग्निकांड में उनके घर में रखी जीवनभर की कमाई, नकदी और सोने-चांदी के सभी जेवर जलकर राख हो गए हैं। आग की इस विभीषिका के बाद अब उनके पास तन पर पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी शेष नहीं बचा है। बताया जा रहा है कि घर की पहली मंजिल में नैणु राम अपनी आजीविका चलाने के लिए फर्नीचर का काम भी करते थे, जिसमें करीब 30 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। इस प्रकार परिवार का आशियाना और आजीविका का साधन दोनों ही छिन जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
80 लाख से अधिक का नुकसान
ग्राम पंचायत प्रधान ने लगाई मदद की गुहार ग्राम पंचायत प्रधान चंद्रवती ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में पीड़ित परिवार को लगभग 80 लाख रुपये से अधिक का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तुरंत प्रभाव से पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन को अवगत करवा दिया गया है और प्रशासनिक दल मौके के लिए रवाना हो गया है।