एएमआरयू हिमाचल प्रदेश ने एलाइड एवं हेल्थकेयर प्रोग्राम्स (पैरामेडिकल) और बी फार्मेसी आयुर्वेद काउंसलिंग-2026 की अंतिम ओवरऑल, श्रेणीवार और कोटावार मेरिट सूची जारी कर दी है।
अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) हिमाचल प्रदेश ने एलाइड एवं हेल्थकेयर प्रोग्राम्स (पैरामेडिकल) और बी फार्मेसी आयुर्वेद काउंसलिंग-2026 की अंतिम ओवरऑल, श्रेणीवार और कोटावार मेरिट सूची जारी कर दी है। मेरिट सूची में शीर्ष स्थान पर रहे संचीत कुमार ने 92 अंक प्राप्त किए हैं। दूसरे स्थान पर 91 अंकों के साथ रिया शर्मा, अनीश ठाकुर व राघव रहे।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेरिट सूची सिस्टम से तैयार की गई है। हिमाचल प्रदेश कोटे के उम्मीदवार निजी कॉलेजों की प्रबंधन कोटा सीटों के लिए भी विकल्प भर सकेंगे। एएमआरयू ने आरक्षित वर्ग अथवा किसी कोटे का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज वैध, अपडेट और निर्धारित प्रारूप में रखने के निर्देश दिए हैं।
दस्तावेजों में कोई कमी, विसंगति अथवा अमान्य प्रमाणपत्र पाए जाने पर संबंधित उम्मीदवार को आरक्षण या कोटे का लाभ नहीं मिलेगा। विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को अंतिम सीट आवंटन घोषित होने और अपने लॉग इन से प्रोविजनल अलॉटमेंट पत्र डाउनलोड करने के बाद ही संबंधित कॉलेज अथवा संस्थान में जाने की सलाह दी है। एएमआरयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी ने बताया कि नियमानुसार प्रक्रिया जारी है।