Youth dies due to drowning while bathing in Somandi with friends, marriage was to be held next month
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। बुड़िया क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ स्थित सोमनदी में दोस्तों के साथ नहाते समय एक युवक डूब गया। इसकी सूचना उसके दोस्तों ने पुलिस और गोताखोरों को दी। इसके बाद गोताखोर राजीव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मशक्कत के बाद युवक को नदी से निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार अगले माह ही युवक की शादी होनी थी और घर में इसकी तैयारी चल रही थी, लेकिन खुशियों से पहले ही घर में मातम पसर गया।
छप्पर थाना क्षेत्र के गांव मुसींबल निवासी राजेश (27) मेहनत मजदूरी करता था। मंगलवार को ईद और भगवान परशुराम जयंती की छुट्टी थी। ऐसे में राजेश अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए फतेहगढ़ स्थित सोमनदी के किनारे पहुंच गया। इसके बाद सभी दोस्त सोमनदी में नहाने लगे। इस दौरान राजेश अधिक गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। देखते ही देखते राजेश पानी में समा गया। युवक के पानी में डूबने पर उसके दोस्तों ने शोर मचाया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हादसे की सूचना परिजनों, पुलिस और गोताखोरों को दी गई। गोताखोर राजीव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और डूबे युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान परिजन मौके पर पहुंच गए और नदी में राजेश की तलाश करने लगे। देर शाम युवक का शव कुछ ही दूरी पर पानी में मिल गया। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। बुड़िया थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।