यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने जोड़ियां नाके के पास से प्रतिबंधित दवाइयों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच करने पर आरोपी के पास से 1400 प्रतिबंधित नशे के कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
सेल के कार्यवाहक इंचार्ज भूप सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि जोड़ियां नाके के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ घूम रहा है। जिसके बाद उनकी टीम ने जोड़ियां पावर हाउस के पास से आरोपी युवक को दबोच लिया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक सतबीर सिंह को बुलाया गया। जिसके सामने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 1400 नशे के प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार को बुलाया गया। जिन्होंने पकड़ी गई प्रतिबंधित दवाइयों की जांच की तो पता चला कि यह कैप्सूल प्रोविन सपास है। जिनके लाने, ले जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। पूछताछ में आरोपी की पहचान जोड़ियां निवासी मनीष के तौर पर हुई।
इंचार्ज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी के बारे में पूछताछ की जाएगी। पकड़ा गया युवक कैप्सूल सप्लाई का काम करता है। जल्द ही मुख्य आरोपियों तक भी पुलिस पहुंचेगी।