हरियाणा के यमुनानगर में फैक्टरी में साथ काम करते हुए एक युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी जब आठ माह की गर्भवती हुई तो इसकी खुलासा हुआ। किशोरी ने परिजनों को बताया कि आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत काम किया, लेकिन अब शादी करने से मना कर रहा है। इसकी शिकायत किशोरी की मां ने महिला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि युवक ने उसकी बेटी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर नवंबर 2021 में उसकी नाबालिग बेटी से फैक्टरी में ही गलत काम किया। बुधवार को उसकी नाबालिग बेटी के पेट में दर्द हुआ। दर्द होने पर उन्होंने उसकी एक नर्सिंग होम में जांच कराई।
जांच के दौरान डाक्टर ने उसकी बेटी के आठ माह की गर्भवती होने की बात बताई। जब उसने इस संबंध में अपनी बेटी से पूछताछ की तो उसने घटना आपबीती बताई। उसकी बेटी ने बताया कि आरोपी कई माह से उसे शादी का झांसा देकर संबंध बना रहा है।
जब उसने आरोपी को शादी करने के लिए कहा तो उसने शादी करने से साफ मना कर दिया। महिला की इस शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी छोटे कुमार राय के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी वर्ष 2013 में करनाल के एक गांव में शादी हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका ससुर उस पर गलत नजर रखता आ रहा है।
आरोपी ने कई बार उससे छेड़छाड़ की। जब उसने इस बारे में अपने पति को बताया तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। एक दिन वह अपने कमरे में अकेली थी। उसकी सास घर के बाहर प्लाट में काम कर रही थी। तभी आरोपी ससुर उसके कमरे में घुस गया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उसने शोर मचाया तो आरोपी उसे धमकी देकर चला गया। पति के आने पर उसने आपबीती उसे बताई। आरोप है कि इसके बाद उसके पति ने उसे की कसूरवार बताते हुए उससे मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसकी शिकायत उसने महिला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के आरोपी ससुर, पति व सास के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।