शराब ठेका खुलते ही ट्विनसिटी में महिलाओं का विरोध जारी हो गया है। रविवार को हुडा सेक्टर 18 व रूप नगर कॉलोनी के रिहायशी क्षेत्र में अंग्रेजी शराब का ठेका खुलने पर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। भड़की महिलाओं ने ठेके के अंदर घुसकर शराब की बोतलों को सड़क पर फेंक बोतलों में आग लगा दी। मामले की सूचना मिलते ही थाना शहर जगाधरी एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रही महिलाओं को समझाकर शांत किया।
हुडा सेक्टर-18 हाउसिंग बोर्ड के नजदीक रूप नगर कालोनी के पास शराब ठेका खोला गया था। मगर शराब के ठेका खुलने से कॉलोनी की महिलाएं नाराज थीं। रविवार सुबह कॉलोनी की दर्जनों महिलाएं शराब ठेके के सामने इकट्ठी हुई। शराब ठेका खुलने से गुस्साई महिलाओं ने यहां जमकर प्रदर्शन किया। महिलाएं ठेके के अंदर घुस गई। ठेके पर तैनात कारिंदे ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं के आगे उसकी एक न चली। महिलाओं ने ठेके के अंदर घुसकर शराब की बोतलों को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने ठेके के करिंदे के साथ जमकर बहस की। आरोप है महिलाओं ने ठेका कारिंदे के साथ मारपीट भी की। महिलाओं का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। इसके बाद महिलाओं ने सड़क पर फेंकी गई शराब की बोतलों में आग लगा दी। महिलाओं द्वारा किए जा रहे हंगामे की सूचना मिलते ही थाना शहर जगाधरी एसएचओ सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाकर शांत किया।
लड़कियों और महिलाओं का निकलना मुश्किल
कॉलोनी निवासी महिला उषा, प्रोमिला, रतनबाला, उर्वशी, महेश, निशा आदि ने बताया की कालोनी में शराब का ठेका खुलने से यहां का माहौल बिगड़ सकता है। शराब के ठेके के नजदीक असामाजिक तत्व खड़े रहते हैं। जिस कारण कालोनी की महिलाओं व लड़कियों का वहां से गुजरना मुश्किल है। शराब का ठेका खुलने से महिलाओं व लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढे़ेंगी।
छात्राओं को होगी परेशानी :
शराब का ठेका नेशनल हाईवे 73 से हुडा में आ रहे मुख्य मार्ग पर खुला है। हुडा सेक्टर 18 में एक नर्सिग व दो निजी स्कूल है। इन स्कूलों में आने वाली छात्राएं इसी मार्ग से स्कूलों में आती है। नर्सिंग स्कूल में जिले के विभिन्न गांवों व शहर की विभिन्न कॉलोनियों से छात्राएं आती है। जो जगाधरी बस स्टैंड पर उतरकर पैदल स्कूल पहुंचती है। मार्ग पर ठेका खुलने से छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ठेका अलॉट होने के बाद से विरोध जारी
एक अप्रैल से जिले में करोड़ों रुपये के शराब के ठेके अलॉट किए गए। तभी से ट्विनसिटी में खुले शराब के ठेकों का विरोध जारी है। चार अप्रैल को रेलवे रोड पर आनंद मार्केट में खोले गए शराब के ठेके को लोगों ने विरोध किया था। पांच अप्रैल को जगाधरी के लोहरान मोहल्ला में खुले ठेके का निवासियों ने डीसी को शिकायत देकर विरोध किया था। आठ अप्रैल को छोटी लाइन स्थित रिहायशी इलाके प्रताप नगर में खोले गए शराब ठेके के विरोध में लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया था। 15 अप्रैल का तेजली रोड पर खुले ठेके का विरोध महिलाओं ने श्रीराम के जयकारों के साथ किया। उसके बाद ठेके को ताला जड़ा था।
विभाग की अनुमति से लगाया ठेका
शराब ठेकेदार पुष्पेंद्र राणा का कहना है कि जिस स्थान पर उन्हें विभाग ने अनुमति दी है, वहीं पर देसी व अंग्रेजी शराब का ठेका बनाया गया था। बिना अनुमति के कोई कार्य नहीं किया गया। महिलाओं ने शराब में आग लगाई, शराब की बोतलें फोड़ी, सेल्समैन को चोटें मारी। इसकी शिकायत पुलिस को करेंगे।
शिकायत आने पर होगी कार्रवाई
थाना शहर जगाधरी एसएचओ सुनील कुमार का कहना है कि रूप नगर कॉलोनी के खुले शराब के ठेके पर महिलाओं के हंगामा करने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे थे। महिलाओं का समझाकर शांत कर दिया गया है। यदि महिलाओं को शराब के ठेके से परेशानी है, तो वह इसकी शिकायत पुलिस को दें। अभी तक किसी भी पक्ष की शिकायत उनके पास नहीं आई है। यदि किसी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत आती है तो जो कार्रवाई बनेगी कर दी जाएगी।