पश्चिम बंगाल में हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकाल रहे श्रद्धालुओं पर लाठियां भांजने व बंग्ला देशियों को शरण देने के विरोध में हिंदू जागरण मंच की ओर से शनिवार को शहर में रोष मार्च निकाला गया। साथ ही शहीद भगत सिंह चौक पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी मुर्दाबाद के नारे लगाए और केंद्र सरकार व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से मांग की कि पश्चिमी बंगाल की सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाए जाए।
शनिवार सुबह हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व सदस्य जिला प्रधान सुनील रावत के नेतृत्व में रामपुरा कॉलोनी स्थित श्री हनुमान मंदिर के समीप एकत्र हुए। यहां से रोष मार्च निकालते हुए सभी मधु चौक, प्यारा चौक से होकर शहीद भगत सिंह चौक पहुंचे। उन्होंने पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और सीएम ममता बनर्जी का पुतला फूंका। मौके पर मंच के जिला प्रधान सुनील रावत, दीपक राणा, सौरभ, रोहित चौधरी, विक्रम राणा, पंकज राणा, संजय मित्तल ने कहा पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी की सरकार राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए खतरा बन गई है। वह हिंदुओं के विरुद्ध गलत नीति बनाकर चल रही हैं। कहा पश्चिमी बंगाल में हिंदुओं को दुर्गा पूजा, श्री हनुमान जयंती समेत अन्य पर्वों को मनाए जाने से बर्बरता पूर्वक रोका जा रहा है। जबकि बंगला देशियों को शरण दी जा रही है। उन्हें खुश करने के लिए बंगाल में हिंदुओं पर लाठियां भांजी जा रही हैं। इसे हिंदु जागरण मंच सहन नहीं करेगा। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी व केंद्र सरकार से पश्चिमी बंगाल की सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने और वहां पर राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की।