छछरौली के एक गांव निवासी युवती ने गांव के तीन युवकों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर दो भाइयों को नामजद करते हुए तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवती का आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने उससे मारपीट भी की। इस दौरान उन्होंने युवती का दुपट्टा खींच लिया। जिससे उसका दम घुटने लगा और उसके गले पर निशान पड़ गए।
छछरौली के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अगस्त की शाम करीब आठ बजे उसकी मां दूध लेने और उसके पिता भंडारे में गए हुए थे। इस दौरान गांव का गोलू, उसका भाई लक्की व एक अन्य युवक उनके घर में घुस आए और उससे छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने उससे मारपीट की और उसका दुपट्टा खींच लिया। जिससे उसकी गर्दन पर निशान पड़ गए। उसके शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।