संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। शेरपुर मोड़ से लेदी जाने वाली सड़क पर गड्ढे में बाइक से उछलकर महिला सड़क पर गिर गई। इससे महिला के सिर व बाजू में गंभीर चोट आई हैं। राहगीरों की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों ने सड़क की खस्ता हालत की वजह से हो रहे हादसों को लेकर विभाग के प्रति रोष प्रकट किया है।
बाइक सवार सागडी निवासी सुभाष ने बताया कि वह लेदी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव जा रहे थे। हड़ौली सत्संग घर के पास सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। जैसे ही बाइक सड़क के गड्ढों से गुजरने लगी तो पीछे बैठी महिला बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई। इससे उसके सिर व बाजू में चोट आईं। गनीमत यह रही कि बाइक तेज रफ्तार नहीं थी। गड्ढों की वजह से स्पीड बहुत कम थी।
क्षेत्रवासी रोबिन, दिनेश, अली, गुरिंदर, यासीन, सुरजीत, अकरम, अमजद व संदीप आदि ने बताया कि शेरपुर मोड़ से लेदी जाने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो रही है। दो-दो फीट गहरे गड्ढे हैं। बरसात के बाद से यह सड़क पूरी तरह से खराब है। रोजाना दो पहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उसके बावजूद भी पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क के गड्ढे भरने का कार्य नहीं किया जा रहा है। इस 5 किलोमीटर लंबी सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि अगर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी नई सड़क नहीं बनवा सकते तो कम से कम गड्ढों को मिट्टी वगैरह डालकर बंद तो करवा सकते हैं। उनका कहना है कि विभाग पूरी तरह से आंखें बंद करके बैठा है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि शेरपुर मोड़ से लेदी जाने वाली सड़क को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।