संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरी महिला को परिजन ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतका की बहन ने पति पर ही हत्या कर छत से फेंकने का आरोप लगाया है, हालांकि इस संबंध में फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गांव पांसरा निवासी मृतका रासपुन्नी की बहन फुलवारी का आरोप है उसका जीजा राजेश अक्सर बहन के साथ मारपीट करता था। इस बारे में बहन ने कई बार उसे बताया था। उन्होंने आरोपी राजेश को समझाने का भी प्रयास किया, मगर वह नहीं माना। आशंका जताई कि राजेश ने ही रासपुन्नी की हत्या कर छत से फेंका है।
वहीं सदर थाना यमुनानगर के जांच अधिकारी प्रदीप ने बताया कि बिहार के जिला फुलवारी के गांव हिंगोली की मूल निवासी रासपुन्नी अपने पति राजेश और तीन बच्चों के साथ गांव पांसरा में किराये के मकान में रहती थी। वीरवार की शाम पांच बजे के करीब छत से गिरकर मौत की सूचना के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की है। मामले में सदर थाना एसएचओ बलराज का कहना है कि 174 की कार्रवाई कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।