साढौरा रसूलपुर रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने सड़क किनारे चल रही महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने बाइक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साढौरा के गांव लाहड़पुर निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि उसकी गांव रसूलपुर में शमशान घाट के पास कबाड़ी की दुकान है। मंगलवार शाम को करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी दुकान पर था। इस दौरान एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने सड़क किनारे पैदल जा रही एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद वह दुकान से भागकर महिला के पास गया। तब तक महिला बेहोश हो चुकी थी। उसने आसपास के लोगों की मदद से महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला की उम्र करीब 55 साल बताई जा रही है।