सदर थाना क्षेत्र के गांव खुर्दी में एक व्यक्ति ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय मृतक की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। व्यक्ति की मौत के बाद मृतक के परिजनों और ससुराल वालों में तीखी बहस हुई। दोनों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। वहीं पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
खुर्दी निवासी गुलशन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई अर्जुन की शादी कुछ साल पहले आरती देवी से हुई थी। उनका एक बेटा और बेटी हैं। शादी के कुछ समय बाद में दोनों में छोटी छोटी बातों पर झगड़े होने लगे थे। करीब ढाई माह पहले उसके भाई की पत्नी पति से कहासुनी होने के बाद अपने मायके चली गई थी और वह वहीं रह रही है। रविवार रात को उसका भाई अपने काम से लौटा और खाना खाकर अपने कमरे में चला गया। सुबह जब वे उसके कमरे में गए तो वह फंदे पर लटका हुआ था। भाई का आरोप है कि उसने अपने ससुराल वालों से परेशान होकर सुसाइड किया है।
उधर, आरती के पिता का कहना है कि वह कई बार अर्जुन को कह चुके थे कि वह अपनी पत्नी को ले कर चला जा, लेकिन वह नहीं आता था। उनका आरोप है कि जब बेटी अपने ससुराल में होती थी तो वहां पर उससे मारपीट की जाती थी। उन्हें सोमवार सुबह पता चला कि अर्जुन ने सुसाइड कर लिया। उसने सुसाइड क्यों किया यह पता नहीं। सदर थाना प्रभारी विजय का कहना है कि दोनों पक्षों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए है। मामले में 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।