अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव मानीपुर निवासी इकबाल सिंह ने सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भतीजा अवतार सिंह बुधवार को अपनी बाइक पर किसी काम से जा रहा था। गांव महमूदपुर के पास तेज गति से आ रही कार ने उसके भतीजे की बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने उसके भतीजे को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।
-दो ट्रकों की भिडंत में एक चालक की मौत
उत्तर प्रदेश के गांव खाताखेड़ी निवासी मुस्तकीम ने बताया कि उसने एक ट्रक पर गांव आलमपुर निवासी विनोद को ड्राइवर रखा हुआ था। विनोद ट्रक में मोगा पंजाब से आलू लोड करके ज्वालापुर के लिए चला था। जब वह कलानौर कैल हाइवे पर गांव मंडौली के पास पहुंचा तो विनोद के ट्रक के आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दी। इससे पीछे चल रहा विनोद का ट्रक अगले ट्रक से भिड़ गया। इस हादसे में विनोद घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।